डेस्क जॉब बढ़ा रही है मोटापा? ये आसान तरीके अपनाकर रखें खुद को फिट
मोटापा इन दिनों हर किसी के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। वहीं, डेस्क जॉब वाले लोग इससे सबसे अधिक परेशान रहते हैं।
डेस्क जॉब में दिन के 8 से 9 घंटे एक ही जगह बैठे-बैठे बिताने पर समय के साथ वजन बढ़ने की समस्या आम हो जाती है।
वहीं, 8-9 घंटे की शिफ्ट करने के बाद कई बार शख्स इतना थक जाता है कि वह चाहकर भी अपनी सेहत का ध्यान नहीं रख पाता है। ऐसे में धीरे-धीरे बढ़ता वजन मोटापे में तब्दील होने लगता है।
अगर आप भी इस तरह की समस्या से जूझ रहे हैं, तो यहां हम आपको कुछ खास टिप्स बता रहे हैं। ये टिप्स वजन को संतुलित कर मोटापे से छुटकारा दिलाने में मददगार हो सकती हैं।
डेस्क जॉब में फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती है, जो बढ़ते वजन के अहम कारणों में से एक है। ऐसे में हर दो घंटे में 5 से 10 मिनट का समय निकालें और थोड़ी वॉक या स्ट्रेचिंग कर लें। साथ ही खासकर लंच करने बाद 10 मिनट वॉक जरूर करें।
अपनी डाइट पर खास ध्यान दें। ऑफिस की कुर्सी पर बैठे-बैठे कुछ भी अनहेल्दी खाने से बचें। खासकर स्नैक के तौर पर तली-भुनी चीजों का सेवन न करें। इससे अलग आप पोहा, ताजे फल या नट्स आदि खा सकते हैं।
आप अपनी सीट पर बैठे-बैठे दिन में दो बार ग्रीन टी पी सकते हैं। कई अध्ययनों की रिपोर्ट्स बताती हैं कि ग्रीन टी का सेवन मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में मदद करता है, जिससे फैट अधिक तेजी से बर्न होता है।
बता दें कि पानी की कमी भी वजन बढ़ाने के लिए जिम्मेदार हो सकती है। शरीर में पानी की कमी से आपका एनर्जी लेवल लो हो जाता है, साथ ही आपको भूख भी ज्यादा लगती है।
ऐसा इसलिए क्योंकि हमारा दिमाग यह समझ नहीं पाता है कि उसे भोजन की जरूरत है या पानी की। इसके चलते आप खाना ज्यादा खाते हैं जो वजन बढ़ाने का काम करता है। ऐसे में समय-समय पर पानी पीते रहें।