आम खाने से हो जाती है एक्ने और गैस-एसिडिटी की परेशानी? इन 3 खास टिप्स से मिल जाएगा छुटकारा

ज्यादातर लोगों को गर्मी के मौसम का इंतजार केवल एक ही चीज के लिए होता है, वो है आम।

मीठे, रसीले आम का नाम सुनने भर से ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है।

हालांकि, कुछ लोगों की शिकायत होती है कि आम खाने के बाद उन्हें अक्सर एक्ने, पिंपल आदि त्वचा से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, तो कई इस फल के सेवन के बाद गैस-एसिडिटी से परेशान रहने लगते हैं। ऐसे में वे अपने पसंदीदा फल से दूरी बनाने पर मजबूर हो जाते हैं।

इसी कड़ी में डॉ. दीक्सा भावसार सावलिया ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 3 ऐसी खास टिप्स शेयर की हैं, जिन्हें अपनाकर आप आम खाने से होने वाली इन समस्याओं से निजात पा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-

खाने से पहले आम को पानी में भिगोकर रखें

डॉ. भावसार परेशानियों से निजात पाने के लिए खाने से पहले आम को कम से कम एक घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखने की सलाह देती हैं। दरअसल, आम में फाइटिक एसिड नामक एक प्राकृतिक अणु होता है, जो खराब पाचन और एक्ने जैसी समस्या का कारण बन सकता है।

वहीं, आम को साफ पानी में भिगोकर रखने से फाइटिक एसिड के स्तर को काफी कम किया जा सकता है।

डॉ. भावसार बताती हैं, कई लोग खाने के साथ आम का सेवन करना पसंद करते हैं। हालांकि, ये तरीका भी एक्ने को ट्रिगर कर सकता है, साथ ही पाचन में बाधा बन सकता है। आम को भोजन के साथ खाने से आंत में किण्वन पैदा हो सकता है, जिससे त्वचा और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

इन सब से अलग त्वचा और पाचन संबंधी परेशानियों से बचने के लिए डॉ. आम के साथ 1 चम्मच सब्जा या तुलसी के बीज खाने की सलाह देती हैं। इन बीजों की प्रकृति ठंडी होती है, जिसके चलते ये मुंहासे, एसिडिटी और अन्य गर्मी संबंधी समस्याओं को रोकने में मददगार साबित हो सकते हैं।