गर्मी में कितना नींबू पानी पीना है ठीक? ज्यादा सेवन से हो सकती हैं ये समस्याएं

गर्मी के मौसम में ठंडा-ठंडा नींबू पानी पीना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। यह न सिर्फ आपको हाइड्रेटेड रखता है, बल्कि कई अन्य स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करता है।

नींबू में विटामिन सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा नींबू में थियामिन, नयासिन, रिबोफ्लोविन, विटामिन बी-6, विटामिन ई और फोलेट जैसे विटामिन्स मौजूद होते हैं।

नींबू के सेवन से इम्यूनिटी मजबूत होती है, वजन घटाने में मदद मिलती है, पेट स्वस्थ रहता है और पाचन तंत्र मजबूत रखने के साथ यह शरीर के लिए डिटॉक्स ड्रिंक की तरह काम करता है।

लेकिन जैसा कि आप जानते हैं किसी भी चीज का अधिक सेवन सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, दिनभर में एक या बहुत अधिक मन कर रहा है तो दो गिलास नींबू पानी ही पीना चाहिए।

अगर आप इसका अधिक सेवन करते हैं तो आपको कई तरह की समस्याएं हो सकती है। चलिए जानते हैं कि नींबू पानी ज्यादा पीने से किस तरह की समस्याएं हो सकती हैं।

ज्यादा नींबू पानी पीने से माइग्रेन की समस्या और भी बढ़ सकती है। दरअसल, खट्टे फलों में टायरामाइन होता है जो सिरदर्द का कारण बन सकता है। इस कारण माइग्रेन से पीड़ित लोगों को इसके सेवन से बचना चाहिए।

ज्यादा नींबू पानी पीने से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। इसमें पाया जाने वाला साइट्रिक एसिड हड्डियों पर बुरा असर डाल सकता है।

नींबू में पाया जाने वाला साइट्रिक एसिड दांतों की परत को नुकसान पहुंचा सकता है। दांतों की परत हटने से ठंडा-गर्म महसूस होने लगता है और दांत कमजोर हो सकते हैं।

नींबू डाइजेस्टिव सिस्टम को बेहतर बनाने का काम करता है। लेकिन इसके अधिक सेवन से डाइजेस्टिव सिस्टम भी खराब हो सकता है और आपको एसिडिटी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।