लंबे समय तक किया टूथब्रश का इस्तेमाल तो मुंह बन जाएगा बैक्टीरिया का घर, जाने कितने दिनों में बदलना है सही

शरीर की स्वच्छता के साथ ओरल हाइजीन बनाए रखना बहुत जरूरी है। दांतों और मसूड़ों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से ब्रश करना बहुत महत्वपूर्ण है।

ऐसा करने से न केवल मुंह में मौजूद बैक्टीरिया दूर हो जाते हैं बल्कि दांत भी मजबूत होते हैं। मगर एक बार ब्रश खरीदने के बाद लोग लंबे समय तक इसका इस्तेमाल करते रहते हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके टूथब्रश को भी नियमित रूप से बदलना चाहिए? ब्रश भले ही दिखने में खराब ना होता हो, लेकिन एक समय बाद ब्रश को चेंज कर देना चाहिए।

दरअसल, लंबे समय तक एक ही ब्रश का इस्तेमाल आपके दांत और मसूड़ों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर आपको इसके ब्रिसल्स बहुत घिसे हुए, कमजोर, मुड़े हुए, बीच से टूटे हुए या बहुत पतले लगें तो इसे तुरंत बदल लें।

एक पुराना और घिसा हुआ टूथब्रश न केवल आपके दांतों को साफ करने में प्रभावी नहीं होता, बल्कि यह बैक्टीरिया का घर भी बन सकता है। ऐसे में इससे दांतों की सफाई करना ओरल हेल्थ से समझौता करना साबित हो सकता है।

ऐसे में चलिए जानते हैं कि एक ब्रश को कितने दिनों तक इस्तेमाल करना चाहिए और कैसे पता करें कि ब्रश बदलने का समय आ गया है।

द सेंटर्स फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल के मुताबिक, एक व्यक्ति को हर 3 से 4 महीने बाद अपना ब्रश बदल देना चाहिए।

लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अगर ब्रश पहले ही खराब हो चुका है तो चार महीने तक इंतजार करें।

अगर ब्रश के ब्रिसल खराब हो गए हैं, टूटने लगे हैं या फिर मुड़ गए हैं तो आपको तुरंत ब्रश बदल लेना चाहिए।