वजाइना में नजर आने वाले ये बदलाव हो सकते हैं Vaginal Cancer के लक्षण

ICMR की द्विवार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पुरुषों की तुलना में महिलाओं में कैंसर के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। वहीं, पिछले कुछ सालों में महिलाओं में वजाइनल कैंसर के मामले भी बढ़े हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, योनि में कैंसर दुर्लभ है हालांकि, ये बेहद गंभीर भी हो सकता है। वहीं, अधिक चिंता की बात यह है कि महिलाओं को इस स्थिति के बारे में बेहद देरी से पता चलता है।

इसी कड़ी में यहां हम आपको वजाइनल कैंसर के कुछ बेहद आम और शुरुआती लक्षणों के बारे में बता रहे हैं। इन लक्षणों को समय रहते पहचानकर सही इलाज की मदद से स्थिति को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

अगर आपको माहवारी यानी पीरियड्स से अलग भी वजाइनल ब्लीडिंग हो रही है या मेनोपॉज के बाद भी रक्तस्राव हो रहा है, तो एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें। ऐसा वजाइनल कैंसर के चलते भी हो सकता है।

वजाइनल डिस्चार्ज एक आम स्थिति है, जिससे अक्सर महिलाओं को जूझना पड़ता है। हालांकि, अगर डिस्चार्ज सामान्य से अधिक है, साथ ही इससे तेज गंध आती है या डिस्चार्ज के साथ खून आ रहा है, तो इसे लेकर एक्सपर्ट्स से बात जरूर करें।

शारिरिक संबंध के दौरान बहुत अधिक दर्द का अनुभव होना भी योनि कैंसर का प्रारंभिक संकेत हो सकता है। अगर आपको लंबे समय से ऐसा महसूस हो रहा है, तो हेल्थ एक्सपर्ट्स से सलाह लें।

योनि में किसी तरह की गांठ का महसूस होना वजाइनल कैंसर का लक्षण हो सकता है। यह गांठ कठोर या मोटी महसूस हो सकती है और आमतौर पर दर्द रहित होती है। 

ऐसे में अगर आप अपनी योनि के ऊतकों में कोई असामान्य परिवर्तन महसूस कर रही हैं, तो डॉक्टर से इसकी जांच कराना जरूरी है।

इन सब से अलग पेशाब के दौरान दर्द होना और मूत्र या मल में खून आना भी वजाइल कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। अगर आप इनमें से किसी भी लक्षण को महसूस कर रही हैं, तो बिना समय गवाए एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें।